NCERT Book Class 10th विज्ञान प्रश्नोत्तर
अध्याय 3 : धातु एवं अधातु
लघु प्रश्नोत्तर (बोर्ड परीक्षा उपयोगी)
1. धातु किसे कहते हैं?
उत्तर: धातु वे तत्व हैं जो विद्युत एवं ऊष्मा की सुचालक होती हैं, आघातवर्ध्य एवं तन्य होती हैं तथा धात्विक चमक दिखाती हैं। जैसे- लोहा, ताँबा।
2. अधातु की परिभाषा दें।
उत्तर: अधातु वे तत्व हैं जो विद्युत एवं ऊष्मा की कुचालक होती हैं, भंगुर होती हैं तथा धात्विक चमक नहीं दिखाती। जैसे- सल्फर, ऑक्सीजन।
3. आघातवर्ध्यता क्या है?
उत्तर: धातुओं का हथौड़े से पीटकर पतली चादर बनाए जाने का गुण आघातवर्ध्यता कहलाता है। जैसे- सोने से पन्नी बनाना।
4. तन्यता से आप क्या समझते हैं?
उत्तर: धातुओं का खींचकर पतले तार बनाए जाने का गुण तन्यता कहलाता है। जैसे- ताँबे के तार।
5. धात्विक चमक क्या होती है?
उत्तर: धातुओं की चमकदार सतह को धात्विक चमक कहते हैं। यह प्रकाश के परावर्तन के कारण होती है।
6. धातुएँ ऑक्सीजन के साथ अभिक्रिया करके क्या बनाती हैं?
उत्तर: धातुएँ ऑक्सीजन से अभिक्रिया कर धातु ऑक्साइड बनाती हैं।
उदाहरण:
2Mg + O₂ → 2MgO
7. सोडियम को केरोसिन में डुबोकर क्यों रखा जाता है?
उत्तर: सोडियम एक अत्यंत अभिक्रियाशील धातु है जो वायु की ऑक्सीजन और नमी के साथ तीव्रता से अभिक्रिया करता है। इसे मिट्टी के तेल (कैरोसिन) में डुबोकर रखा जाता है क्योंकि:
- कैरोसिन सोडियम से अभिक्रिया नहीं करता और यह सोडियम को वायु और जल के संपर्क में आने से बचाता है।
- यदि सोडियम को खुले में रखा जाए, तो यह आग पकड़ सकता है या विस्फोटक अभिक्रिया कर सकता है।
8. अधातुएँ ऑक्सीजन के साथ अभिक्रिया करके क्या बनाती हैं?
उत्तर: अधातुएँ ऑक्सीजन से अभिक्रिया कर अधातु ऑक्साइड बनाती हैं जो अम्लीय प्रकृति के होते हैं।
उदाहरण:
C + O₂ → CO₂
9. धातुएँ जल के साथ कैसे अभिक्रिया करती हैं? उदाहरण दें।
उत्तर: कुछ धातुएँ (जैसे सोडियम, पोटैशियम) जल के साथ अभिक्रिया कर हाइड्रोजन गैस मुक्त करती हैं।
2Na + 2H₂O → 2NaOH + H₂↑
10. लोहे पर जंग क्यों लगता है?
उत्तर: लोहा नमी एवं ऑक्सीजन की उपस्थिति में अभिक्रिया कर आयरन ऑक्साइड (जंग) बनाता है।
11. ताँबे एवं एलुमिनियम के बर्तनों का उपयोग खाना पकाने में क्यों किया जाता है?
उत्तर: ये धातुएँ ऊष्मा की सुचालक हैं तथा भोजन के साथ अभिक्रिया नहीं करतीं।
12. ग्राफाइट का उपयोग इलेक्ट्रोड के रूप में क्यों किया जाता है?
उत्तर: ग्राफाइट अधातु होते हुए भी विद्युत का सुचालक है क्योंकि इसमें मुक्त इलेक्ट्रॉन उपस्थित होते हैं।
13. सोडियम को हाथ से नहीं छूना चाहिए, क्यों?
उत्तर: सोडियम जल एवं त्वचा की नमी से अभिक्रिया कर जलाने का कारण बन सकता है।
14. सिल्वर नाइट्रेट के विलयन को भूरे रंग की बोतल में क्यों रखा जाता है?
उत्तर: यह प्रकाश की उपस्थिति में विघटित हो जाता है, इसलिए इसे अंधेरी बोतल में रखा जाता है।
15. मैग्नीशियम रिबन को जलाने से पहले साफ क्यों किया जाता है?
उत्तर: सतह पर बना ऑक्साइड परत अभिक्रिया को रोकता है, इसलिए इसे रगड़कर साफ किया जाता है।
16. धातु एवं अधातु में दो अंतर लिखिए।
उत्तर:
– धातुएँ विद्युत की सुचालक होती हैं जबकि अधातुएँ कुचालक (ग्राफाइट को छोड़कर)।
– धातुएँ आघातवर्ध्य होती हैं जबकि अधातुएँ भंगुर होती हैं।
17. तन्यता एवं आघातवर्ध्यता में अंतर बताइए।
उत्तर:
– तन्यता: धातु को खींचकर तार बनाने का गुण।
– आघातवर्ध्यता: धातु को पीटकर पतली चादर बनाने का गुण।
18. धात्विक एवं अधात्विक ऑक्साइड में अंतर लिखिए।
उत्तर:
– धात्विक ऑक्साइड क्षारीय प्रकृति के होते हैं (जैसे CaO)।
– अधात्विक ऑक्साइड अम्लीय प्रकृति के होते हैं (जैसे CO₂)।
19. सोडियम एवं कार्बन की जल के साथ अभिक्रिया में अंतर बताइए।
उत्तर:
– सोडियम जल से तीव्र अभिक्रिया कर H₂ गैस मुक्त करता है।
– कार्बन जल के साथ सामान्य ताप पर अभिक्रिया नहीं करता।
20. आयनिक एवं सहसंयोजक यौगिक में अंतर लिखिए।
उत्तर:
– आयनिक यौगिक धातु एवं अधातु से बनते हैं (जैसे NaCl)।
– सहसंयोजक यौगिक अधातुओं के बीच बनते हैं (जैसे H₂O)।
21. कॉपर सल्फेट के विलयन में लोहे की कील डालने पर क्या होता है? (CBSE 2023)
उत्तर: लोहा कॉपर को विस्थापित करता है तथा नीला रंग फीका पड़ जाता है:
Fe + CuSO₄ → FeSO₄ + Cu↓
22. धातुकर्म किसे कहते हैं? (MP Board 2022)
उत्तर: अयस्क से धातु निष्कर्षण की प्रक्रिया को धातुकर्म कहते हैं।
23. अमलगम क्या है? (CBSE 2021)
उत्तर: पारा एवं किसी अन्य धातु का मिश्रण अमलगम कहलाता है। जैसे- सोडियम अमलगम।
24. गैल्वनीकरण क्या है? (MP Board 2020)
उत्तर: लोहे पर जंग रोकने के लिए जिंक की परत चढ़ाने की प्रक्रिया गैल्वनीकरण कहलाती है।
25. अपचयन किसे कहते हैं? (CBSE 2019)
उत्तर: ऑक्साइड से ऑक्सीजन हटाकर धातु प्राप्त करने की प्रक्रिया अपचयन कहलाती है।
26. धातुओं के भौतिक गुण लिखिए।
उत्तर:
– विद्युत एवं ऊष्मा की सुचालक
– आघातवर्ध्य एवं तन्य
– धात्विक चमक
– ठोस (पारा को छोड़कर)
27. अधातुओं के भौतिक गुण लिखिए।
उत्तर:
– विद्युत एवं ऊष्मा की कुचालक (ग्राफाइट को छोड़कर)
– भंगुर
– धात्विक चमक नहीं (आयोडीन को छोड़कर)
– गैस, द्रव या ठोस अवस्था में पाई जाती हैं
28. धातुएँ अम्लों के साथ कैसे अभिक्रिया करती हैं? उदाहरण दीजिए।
उत्तर: धातुएँ अम्लों के साथ अभिक्रिया कर लवण तथा हाइड्रोजन गैस बनाती हैं।
Zn + 2HCl → ZnCl₂ + H₂↑
29. क्या सभी धातुएँ अम्लों से हाइड्रोजन गैस मुक्त करती हैं?
उत्तर: नहीं, Cu, Hg, Ag जैसी धातुएँ तनु अम्लों से हाइड्रोजन गैस नहीं निकालतीं क्योंकि ये H से कम अभिक्रियाशील हैं।
30. धातुएँ क्लोरीन के साथ कैसे अभिक्रिया करती हैं?
उत्तर: धातुएँ क्लोरीन के साथ अभिक्रिया कर धातु क्लोराइड बनाती हैं।
2Na + Cl₂ → 2NaCl
31. धातुओं की अभिक्रियाशीलता श्रेणी क्या है?
उत्तर: धातुओं को उनकी अभिक्रियाशीलता के घटते क्रम में व्यवस्थित करने को अभिक्रियाशीलता श्रेणी कहते हैं।
32. K, Na, Ca, Mg, Al, Zn, Fe, Pb, Cu, Hg, Ag, Au – इस श्रेणी में सबसे अधिक अभिक्रियाशील धातु कौन-सी है?
उत्तर: पोटैशियम (K) सबसे अधिक अभिक्रियाशील धातु है।
33. विस्थापन अभिक्रिया किसे कहते हैं? उदाहरण दीजिए।
उत्तर: जब कोई अधिक अभिक्रियाशील धातु कम अभिक्रियाशील धातु को उसके यौगिक से विस्थापित कर दे, तो उसे विस्थापन अभिक्रिया कहते हैं।
Fe + CuSO₄ → FeSO₄ + Cu
34. कॉपर सल्फेट विलयन में आयरन कील डालने पर क्या होता है?
उत्तर: आयरन, कॉपर को विस्थापित कर देता है तथा विलयन का नीला रंग फीका पड़ जाता है।
35. क्या सोना (Au) किसी अम्ल से हाइड्रोजन गैस विस्थापित कर सकता है?
उत्तर: नहीं, क्योंकि सोना अभिक्रियाशीलता श्रेणी में सबसे नीचे है।
36. धातु निष्कर्षण की मुख्य प्रक्रियाएँ कौन-सी हैं?
उत्तर:
– अयस्क का सांद्रण
– ऑक्साइड में परिवर्तन
– ऑक्साइड का अपचयन
– शुद्धिकरण
37. भर्जन (Roasting) किसे कहते हैं?
उत्तर: सल्फाइड अयस्क को वायु की उपस्थिति में गर्म करके ऑक्साइड में बदलने की प्रक्रिया भर्जन कहलाती है।
2ZnS + 3O₂ → 2ZnO + 2SO₂
38. निस्तापन (Calcination) क्या है?
उत्तर: कार्बोनेट अयस्क को सीमित वायु में गर्म करके ऑक्साइड में बदलने की प्रक्रिया निस्तापन कहलाती है।
ZnCO₃ → ZnO + CO₂
39. अपचयन के लिए किस अपचायक का उपयोग किया जाता है?
उत्तर: कोक (कार्बन) या एलुमिनियम जैसे अपचायकों का उपयोग किया जाता है।
40. विद्युत-अपघटनी परिष्करण क्या है?
उत्तर: अशुद्ध धातु को एनोड तथा शुद्ध धातु को कैथोड बनाकर विद्युत धारा प्रवाहित कर शुद्ध धातु प्राप्त करने की विधि।
41. संक्षारण (Corrosion) क्या है?
उत्तर: धातुओं का वायु, नमी या अम्लों के संपर्क में धीरे-धीरे नष्ट होने की प्रक्रिया संक्षारण कहलाती है।
42. लोहे में जंग लगने का रासायनिक समीकरण लिखिए।
उत्तर:
4Fe + 3O₂ + xH₂O → 2Fe₂O₃.xH₂O
43. जंग रोकने की दो विधियाँ लिखिए।
उत्तर:
– पेंट या ग्रीस लगाकर
– गैल्वनीकरण (जिंक की परत चढ़ाकर)
44. क्या एलुमिनियम संक्षारित होता है?
उत्तर: हाँ, लेकिन इस पर बनी Al₂O₃ की परत इसे आगे संक्षारण से बचाती है।
45. टिन-लेपन क्या है?
उत्तर: लोहे पर टिन की परत चढ़ाकर संक्षारण से बचाने की विधि।
46. कौन-सी अधातु विद्युत की सुचालक है?
उत्तर: ग्राफाइट (कार्बन का अपरूप)।
47. कौन-सी धातु द्रव अवस्था में पाई जाती है?
उत्तर: पारा (Hg)।
48. कौन-सी अधातु धात्विक चमक दिखाती है?
उत्तर: आयोडीन (I₂)।
49. सोडियम क्लोराइड जल में घुलनशील है, लेकिन कार्बन टेट्राक्लोराइड नहीं, क्यों?
उत्तर: NaCl आयनिक यौगिक है जबकि CCl₄ सहसंयोजक यौगिक है।
50. अमलगम क्या होता है? एक उदाहरण दीजिए।
उत्तर: पारे के साथ किसी अन्य धातु का मिश्रण अमलगम कहलाता है। जैसे- सोडियम अमलगम (Na-Hg)।